विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान: पूगल और दंतौर में कृषि आदान विक्रेता परिसरों का औचक निरीक्षण

बीकानेर, 19 नवंबर। विशेष रबी कृषि गुण नियंत्रण अभियान के तहत कृषि विभाग की ओर से जिले में कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयुक्त कृषि नरेश कुमार गोयल एवं अतिरिक्त निदेशक कृषि हिरेन्द्र शर्मा के निर्देशानुसार उद्यान विभाग के कृषि आदान निरीक्षक एवं सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने सीमावर्ती क्षेत्र पूगल और दंतौर में पांच कृषि आदान विक्रेता परिसरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उर्वरक के दो नमूने राज एग्री क्यूसी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आहरित किए गए।

 

गहलोत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कृषि आदान उचित मूल्य पर उपलब्ध करवाना है। जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर डीएपी की बढ़ती मांग को देखते हुए किसानों को इसके विकल्प के रूप में सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) और यूरिया के उपयोग की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि एक बैग डीएपी के स्थान पर तीन बैग एसएसपी और एक बैग यूरिया का उपयोग किया जा सकता है। इससे फसलों को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं और डीएपी की तुलना में लागत भी कम आती है।

 

उन्होंने कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देश दिए कि बीज, उर्वरक एवं कीटनाशी से संबंधित प्रावधानों और नियमों की पालना करते हुए ही कृषि आदानों की बिक्री करें। विक्रेता अपने वैध लाइसेंस के अनुरूप किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

 

निरीक्षण के दौरान प्रगतिशील किसानों से भी संवाद किया गया। उन्हें जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने, उर्वरकों का विवेकपूर्ण और संतुलित उपयोग करने तथा वैज्ञानिक सिफारिशों के अनुरूप फसलों में पोषक तत्वों के प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने के लिए वैकल्पिक एवं जैव उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु किसानों और विक्रेताओं को प्रोत्साहित किया गया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, नशे से दूर रहें और पर्यावरण संरक्षण में निभाएं भागीदारी

बीकानेर, 19 नवंबर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में नेशनल ग्रीन कोर यो…