बीकानेर, 19 नवंबर। विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा उन्हें तनावमुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में योग एवं ध्यान आधारित स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बी.टेक. डेयरी टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पंकज कुमार थानवी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान, बीकानेर के सहायक आचार्य डॉ. अशोक कुमार खीचड़ ने किया।
इस दौरान डॉ. खीचड़ ने विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान के शारीरिक और मानसिक लाभों से अवगत करवाते हुए ध्यान की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि नियमित योग एवं ध्यान का अभ्यास मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और जीवन में शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई और व्यस्त दिनचर्या के बीच स्वयं के स्वास्थ्य के लिए समय निकालने तथा ध्यान को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए उनके सर्वांगीण विकास, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक कल्याण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए योग एवं ध्यान के महत्व को समझा।
