बीकानेर, 27 अक्टूबर।पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले के श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की कीतासर ग्राम पंचायत सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में जिला स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशांत जैन और स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी व सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में मंगलवार को मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
स्वीप सह प्रभारी श्री सुरेश बिश्नोई ने बताया कि इस दौरान मतदाता जागरूकता ट्रैक्टर के साथ ग्रामीणों ने ‘शत-प्रतिशत मतदान करो’ का नारा लगाते हुए पंचायत क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम के तहत एसडीएम श्रीडूंगरगढ़ श्री झंवर मित्तल समेत जिला स्वीप सदस्य श्री अमरदीप गोदारा एवं श्री रामकिशन ने युवा, दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं से संवाद कर उन्हें प्रत्येक वोट के महत्व के प्रति जागरूक किया।
वहीं, स्वीप सदस्य श्री दीपक मेहरा एवं श्री प्रमोद कुमार शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण महिलाओं के सहयोग से रंगोली सजाकर शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया और मतदाताओं को मतदान करने का संकल्प दिलाया।
जिला स्वीप समन्वयक श्री प्रशांत जोशी एवं सह-समन्वयक श्री गोपाल जोशी ने बताया कि जिले में पंचायत चुनाव के तहत स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें वोट बारात, मतदान का गरबा, वोट मैराथन, युवा संवाद तथा वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
