सहकारिता के रंगों से सजेगा ग्रामीण हाट, 31 अक्टूबर से संभाग स्तरीय सहकार मेला होगा आयोजित

 

बीकानेर, 27 अक्टूबर। सहकारिता को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 31 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक ग्रामीण हाट में संभाग स्तरीय सहकार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सहकार भवन में अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, बीकानेर खंड श्री संजय गर्ग की अध्यक्षता में

विभिन्न समितियों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में मेले की व्यवस्थाओं, प्रबंधन, आगंतुकों की सुविधाओं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं के समुचित संचालन एवं आपसी समन्वय के संबंध में विचार-विमर्श किया गया, ताकि मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

श्री गर्ग ने बताया कि मेले में जिला सहकारी होलसेल भंडार, क्रय-विक्रय सहकारी समितियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, प्राथमिक भंडारों तथा अन्य सहकारी संस्थाओं द्वारा अपने विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। मेले में कृषि एवं खाद्य उत्पाद, स्थानीय एवं प्रसंस्कृत उत्पाद, हस्तशिल्प एवं घरेलू उपयोग की सामग्री, महिला एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद तथा अन्य सहकारी उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन के लिए मंच उपलब्ध होगा तथा आमजन को विविध उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिलेगा।

 

उन्होंने बताया कि मेले का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया जाएगा। प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इसके अतिरिक्त, प्रतिदिन खरीदारी करने वाले चयनित विजेताओं को कूपन लॉटरी के माध्यम से आकर्षक गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए जाएंगे।

 

‘सशक्त सहकार, समृद्ध समाज’ की भावना के अनुरूप आयोजित यह सहकार मेला सहकारी संस्थाओं को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

बैठक में प्रबंध निदेशक, केंद्रीय सहकारी बैंक श्री रणवीर सिंह, उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां श्रीमती प्रियंका जांगीड़, क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह, केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिशासी अधिकारी श्री धर्मेंद्र रेप्सवाल,प्राथमिक भूमि विकास बैंक के प्रबंधक एवं सचिव श्री वासुदेव सिंह, उर्मूल डेयरी के उप रजिस्ट्रार श्री शिशुपाल सिंह, तकनीकी सहायक कपिला चोयल, बीकानेर-कोलायत क्रय-विक्रय सहकारी समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रोहित कस्वां तथा केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक श्री सत्येंद्र बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

शत-प्रतिशत मतदान के लिए युवा, दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं से किया संवाद

  बीकानेर, 27 अक्टूबर।पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले के श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र …