बीकानेर। कोटगेट थाना पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद करते हुए गिरफ्तार किया। थाना स्तर पर गठित विशेष टीम की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि को अज्ञात आरोपियों ने परिवादी नरेश कुमार मेघवाल निवासी गाढ़वाला के पुत्र भीमराज पर जानलेवा हमला कर मारपीट की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने उसे नग्न अवस्था में रेलवे कॉलोनी स्थित माल गोदाम रोड पर नाले के पास मरा हुआ समझकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में परिवादी की रिपोर्ट पर कोटगेट थाने में 13 नवंबर 2026 को मुकदमा संख्या 261/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 126(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी वृत्त नगर अनुज डाल आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी कोटगेट विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों कानाराम (20) पुत्र प्रेमाराम मेघवाल निवासी मेघवालों का मोहल्ला, गाढ़वाला तथा देवप्रकाश (21) पुत्र स्वर्गीय जेठाराम मेघवाल निवासी मेघवालों का मोहल्ला, सामुदायिक भवन के पास, गाढ़वाला को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित की हालत गंभीर, आईसीयू में वेंटिलेटर पर
इस मामले में घायल भीमराज की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वह पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती है और वेंटिलेटर पर उसका उपचार जारी है। वहीं, मामले में अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद करवाने में सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण वैष्णव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
