बीकानेर, 15 नवंबर। भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी), बीकानेर में जनजातीय गौरव दिवस-2026 के अंतर्गत ‘जनजातीय गौरव : प्रगति का उत्सव, भविष्य के लिए प्रेरणा’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान को एक साथ जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं केन्द्र निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने 15 दिवसीय पखवाड़े के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि भारत सरकार के उद्देश्यों एवं प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यक्रमों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ क्रियान्वयन करना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक संस्थानों को अपने अनुसंधान और तकनीकी ज्ञान को जनजातीय समुदायों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना चाहिए, ताकि नवाचारों एवं उन्नत तकनीकों का लाभ सीधे इन समुदायों तक पहुंच सके और उनके जीवन स्तर में सुधार हो।
केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राकेश रंजन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के तहत 15 दिवसीय पखवाड़े की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, स्वदेशी बीजों एवं पारंपरिक कृषि ज्ञान के संवर्धन, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रदर्शन, नवाचारों के प्रसार तथा जनजातीय किसानों की आजीविका बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी।
जनजातीय गौरव वर्ष कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मनजीत सिंह ने ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में कार्यक्रमों की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने में फील्ड संसाधन व्यक्तियों की भूमिका और उनके साथ बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अखिल ठुकराल ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समुदायों के विकास में वैज्ञानिक नवाचार, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय संसाधनों की उपयोगिता को रेखांकित किया गया।
