
बीकानेर, 18 जुलाई। नयाशहर थाना पुलिस ने छीना-झपटी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19,760 रुपये नकद, एक सोने की चेन, सोने का पेंडल तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को शाम करीब 6 बजे परिवादी ओमप्रकाश सोनी अपनी पत्नी एवं पुत्र को कोठारी अस्पताल में आंख दिखाने के लिए लेकर गए थे। अस्पताल से वापस लौटते समय जस्सूसर गेट की ओर जाने वाली सड़क पर डालमिया हेयर सैलून के सामने पीछे से लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आया और महिला के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में 25 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन जिसमें पेंडल लगा हुआ था तथा अस्पताल की पर्ची रखी हुई थी। घटना के संबंध में नयाशहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी नगर श्री अनुज डाल (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर 19,760 रुपये नकद, एक सोने की चेन, सोने का पेंडल तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहिद नदीम उर्फ महफूज (30 वर्ष), पुत्र महबूब अली, निवासी खटीकों का मोहल्ला, सोनगिरी कुएं के पास, थाना नयाशहर, बीकानेर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
सुरजीत कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, नयाशहर
अजय कुमार, उप निरीक्षक
कपिल कुमार, हेड कांस्टेबल
पुरुषोत्तम, हेड कांस्टेबल
अमर सिंह, कांस्टेबल
नयाशहर थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से छीना-झपटी की वारदात का सफल खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।