खाद्य मंत्री श्री सुमित गोदारा ने लूणकरणसर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Description of image

बीकानेर, 12 अगस्त। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने बुधवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

श्री गोदारा ने सुरनाणा ग्राम पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा कुजटी से सुरनाणा और सुरनाणा से लूणकरणसर तक बनने वाली सीआरआईएफ सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा विद्यार्थियों, महिलाओं और आमजन को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

 

श्री गोदारा ने इसके बाद चक 247 में नाथवाणा से चक 247-1 एलकेडी तक 261.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित 14 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देगी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करेगी। इससे परिवहन लागत कम होगी तथा समय की बचत भी होगी।

 

उन्होंने 13 एलकेडी में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री गोदारा ने 11 एलकेडी, 13 एलकेडी और 14 एलकेडी क्षेत्र में 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खालों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मरुस्थलीय क्षेत्र में जल का प्रत्येक बूंद अमूल्य है। खालों के निर्माण से सिंचाई जल का बेहतर प्रबंधन होगा, किसानों को समय पर पानी उपलब्ध हो सकेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। इससे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

 

लूणकरणसर में विधायक कोष से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित वाटर वर्क्स की चारदीवारी का लोकार्पण करते हुए मंत्री श्री गोदारा ने कहा कि पेयजल संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है जितना नई सुविधाओं का निर्माण। इस कार्य से जलापूर्ति व्यवस्था को संरक्षण मिलेगा तथा आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

 

शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में बैडमिंटन एवं टेनिस कोर्ट, भ्रमण पथ, खेल मैदान विकास तथा अन्य कार्यों के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मंत्री गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा युवाओं को खेलों के माध्यम से नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा तथा युवाओं में स्वास्थ्य और अनुशासन की भावना विकसित होगी।

 

मंत्री श्री गोदारा ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सहित सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

बज्जू पुलिस ने हीरा चोरी करने वाली शातिर अंतरराज्यीय गैंग का किया खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

  बीकानेर। पुलिस थाना बज्जू ने चोरी एवं नकबजनी की वारदातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करत…