बीकानेर में रेल सुविधाओं के विस्तार की उठी मांग, 26 जनवरी से पहले स्टेशन पर फिर लहराएगा तिरंगा!

 

बीकानेर। बीकानेर में रेलवे सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार और बीकानेर जंक्शन पर पुनः तिरंगा स्थापित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को बीकानेर विकास मंच एवं वंदे मातरम टीम ने संयुक्त रूप से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) को डीआरएम एवं रेल मंत्री भारत सरकार के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन प्रस्तुत किए।

 

इस दौरान एडीआरएम ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि बीकानेर जंक्शन के सामने पूर्व स्थान पर तिरंगा पुनः स्थापित करने के संबंध में पहले भी ज्ञापन प्राप्त हुआ था। इस विषय पर विभागीय स्तर पर दो बैठकों में चर्चा हो चुकी है तथा निर्णय की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही उसी स्थान पर तिरंगा स्थापित किया जाएगा। इस पर विजय कोचर ने 26 जनवरी से पहले तिरंगा पुनः स्थापित करने की मांग रखी।

 

रेल मंत्री से उठाई यात्री सुविधाओं और नई ट्रेनों की मांग

 

रेल मंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में यशवंतपुर ट्रेन को प्रतिदिन संचालित करने, बीकानेर से चंडीगढ़, उदयपुर एवं अजमेर के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा कोरोना काल में बंद हुई चंडीगढ़-कालका ट्रेन को पुनः चालू करने की मांग की गई।

 

इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर 6 पर स्वचालित सीढ़ियां एवं लिफ्ट लगाने, दिल्ली मार्ग पर गुरुग्राम स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव समय बढ़ाने, रेलवे फाटकों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एलिवेटेड रोड का कार्य पुनः शुरू करने की मांग उठाई गई।

 

ज्ञापन में बीकानेर जंक्शन पर ठंडे पानी की मशीनें लगाने, स्टैंड पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगेज स्कैनर मशीन लगाने तथा स्टेशन पर गार्ड की नियमित व्यवस्था करने की मांग भी शामिल रही।

 

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बीकानेर के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और शहर की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

इस अवसर पर बीकानेर विकास मंच के जिलाध्यक्ष संतोष बांठिया, संयोजक विजय कोचर, कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित, लक्ष्मण पुरोहित, शिवलाल तेजी, पुरुषोत्तम सुथार, प्रवक्ता कामिनी भोजक, जसोदा खत्री, मनोज पारीक, भवानी सुथार, अमित सिंह परिहार सहित मंच एवं वंदे मातरम टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बजट का शत-प्रतिशत उपयोग करें अधिकारी : हिरेन्द्र शर्मा

  बीकानेर, 27 नवंबर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू) के कृषि …