बीकानेर, 27 नवंबर। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं को हर प्रकार के नशे से दूर रहना होगा। यह बात राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार पुरोहित ने विकसित भारत–नशा मुक्त युवा अभियान के तहत आयोजित नशामुक्त युवा संकल्प कार्यक्रम में कही।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, क्षेत्रीय निदेशालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. पुरोहित ने कहा कि संभाग के सबसे बड़े महाविद्यालय डूंगर कॉलेज परिसर में सभी प्रकार के नशे पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया। साथ ही योग, नियमित अध्ययन और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने की प्रेरणा दी।
मुख्य वक्ता महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के ड्राइंग एंड पेंटिंग विभाग के सहायक आचार्य एवं योग गुरु डॉ. राकेश किराडू ने कहा कि नशा नस्लों को नष्ट कर देता है। उन्होंने अपनी ‘मधुशाला’ कविता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शरीर से लेकर परिवार, समाज और पर्यावरण तक को प्रभावित करती है। युवाओं को स्वयं जागरूक होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम अधिकारी रविकांत व्यास ने अभियान की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थानभर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के 150 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
