बीकानेर, 27 नवंबर। राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर के पशु पोषण विभाग की ओर से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), नई दिल्ली के वित्त पोषण से दस दिवसीय शॉर्ट कोर्स का आयोजन शनिवार से किया जाएगा। कोर्स का मुख्य विषय “जलवायु-अनुकूल पोषण : पशुधन उत्पादन की स्थिरता और लचीलेपन को बढ़ाना” रहेगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक (पशु पोषण एवं शरीर क्रिया विज्ञान) डॉ. ए.के. सामंत होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास करेंगे।
वेटरनरी महाविद्यालय के डीन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के दौर में पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता को बनाए रखना महत्वपूर्ण चुनौती है। यह शॉर्ट कोर्स जलवायु अनुकूल पशुपोषण की आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रतिभागियों को अवगत करवाएगा। इससे पशुधन की उत्पादकता एवं स्वास्थ्य में सुधार, संसाधनों का बेहतर उपयोग, उत्पादन लागत में कमी तथा जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों से निपटने में मदद मिलेगी।
शॉर्ट कोर्स के निदेशक डॉ. राजेश नेहरा ने बताया कि दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के 20 प्रतिभागी भाग लेंगे। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. दिनेश जैन तथा कोर्स संयोजक डॉ. अरुण झीरवाल एवं डॉ. अमित चौधरी होंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पशुपालन क्षेत्र में वैज्ञानिक ज्ञान, आधुनिक पोषण तकनीकों और जलवायु परिवर्तन के अनुरूप पशुधन प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
