
बीकानेर, 29 सितंबर। पूर्व संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने केंद्रीय कानून मंत्री एवं बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल तथा बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास पर शहर से जुड़े विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को बार-बार घोषणाओं और बधाइयों के नाम पर गुमराह करने के बजाय यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि वर्षों से लंबित कार्य आखिर कब शुरू होंगे और कब पूरे होंगे।
वत्सस ने कहा कि एक बार फिर नागणेची मंदिर के पास अंडरब्रिज और ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति को लेकर केंद्रीय कानून मंत्री को बधाइयां दी जा रही हैं। उनका कहना है कि नागणेची ओवरब्रिज की घोषणा करीब तीन वर्ष पहले की जा चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि हर कुछ महीनों में इस कार्य को लेकर नई घोषणा और बधाइयों का दौर क्यों शुरू हो जाता है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कोटगेट और सांखला फाटक पर अंडरब्रिज का मामला भी लंबे समय से लंबित है। वत्सस के अनुसार, तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2023 के बजट में इन कार्यों के लिए कार्यस्वीकृति जारी की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद भी करीब साढ़े तीन वर्ष बीतने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ।
नितिन वत्सस ने कहा कि पहले कोटगेट-सांखला फाटक के कार्य को लेकर बीकानेर पश्चिम विधायक द्वारा अधिकारियों के साथ बातचीत की गई और बाद में विरोध के बीच सांसद की ओर से भी बजट एवं बढ़ी हुई राशि को लेकर घोषणा की गई, लेकिन जनता आज भी निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रही है।
उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास से सीधे सवाल करते हुए कहा कि बार-बार घोषणाएं दोहराने और वाहवाही लेने के बजाय जनता को यह बताया जाए कि नागणेची ओवरब्रिज-अंडरब्रिज तथा कोटगेट-सांखला फाटक अंडरब्रिज का काम वास्तव में कब शुरू होगा और कब तक पूरा होगा।
वत्सस ने कहा कि शहर की जनता को घोषणाओं की नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों की आवश्यकता है। उन्होंने दोनों जनप्रतिनिधियों से लंबित कार्यों की स्पष्ट समयसीमा सार्वजनिक करने की मांग की।