
बीकानेर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन का 23वां वार्षिक जोनल अधिवेशन इस वर्ष 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 तक बीकानेर रेलवे स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। करीब 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बीकानेर मंडल को इस महत्वपूर्ण अधिवेशन की मेजबानी का अवसर मिला है। वर्ष 2009 के बाद पहली बार बीकानेर की धरती पर आयोजित होने जा रहे इस अधिवेशन को लेकर रेल कर्मचारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों में खासा उत्साह है।
अधिवेशन में ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन, दिल्ली के महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड जे.आर. भोसले, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के महामंत्री कॉमरेड मुकेश माथुर तथा जोनल अध्यक्ष कॉमरेड मनोज परिहार सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
अधिवेशन में उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री राजीव सिंह एवं बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविंद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इस तीन दिवसीय अधिवेशन में बीकानेर मंडल के सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सिरसा, बठिंडा, लालगढ़, बीकानेर, रतनगढ़, चूरू, हिसार एवं लालगढ़ वर्कशॉप सहित विभिन्न शाखाओं से सैकड़ों रेल कर्मचारी, डेलीगेट्स एवं यूनियन पदाधिकारी भाग लेंगे। पूरे जोन से भी बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों के बीकानेर पहुंचने की संभावना है।
यूनियन का यह जोनल अधिवेशन प्रत्येक वर्ष उत्तर पश्चिम रेलवे के अलग-अलग मंडलों में आयोजित किया जाता है। इस बार बीकानेर मंडल को इसकी मेजबानी मिलना कर्मचारियों के लिए गौरव का विषय है।
अधिवेशन के सफल आयोजन को लेकर कॉमरेड गणेश वशिष्ठ, मंडल सचिव एवं कॉमरेड प्रेम कुमार सैनी, मंडल अध्यक्ष, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन बीकानेर मंडल के नेतृत्व में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दोनों पदाधिकारियों ने बीकानेर मंडल की विभिन्न शाखाओं की बैठकें लेकर अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा की तथा यूनियन पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की अलग-अलग कमेटियों का गठन कर उन्हें आयोजन से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
अधिवेशन को लेकर यूनियन के पदाधिकारी, डेलीगेट्स एवं कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि यह अधिवेशन रेल कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों एवं संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा का प्रमुख मंच बनेगा। बीकानेर में होने वाले इस अधिवेशन में पूरे जोन से हजारों की संख्या में रेल कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है