बीकानेर, 21 नवंबर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) की ओर से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र, मतदान के महत्व तथा शुद्ध मतदाता सूचियों की आवश्यकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने की। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और मतदान लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का अनिवार्य कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने, लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत ‘मतदान का महत्व’ एवं ‘शुद्ध मतदाता सूचियों का महत्व’ विषयों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की प्रासंगिकता, नागरिक सहभागिता तथा मतदाता सूचियों के शुद्ध एवं अद्यतन होने की आवश्यकता पर अपने विचार अभिव्यक्त किए।
वहीं, ‘निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता’ विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदान प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदाता पहचान पत्र और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन ई.एल.सी. प्रभारी अधिकारी प्रो. प्रेरणा माहेश्वरी ने किया। आयोजन में डॉ. सुनीता मंडा, डॉ. सुनील पूनिया, डॉ. मुकेश शर्मा एवं डॉ. तृप्ति खत्री ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
