बीकानेर। गजनेर थाना पुलिस ने इंटर ब्लॉक फैक्ट्री में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और वाहनों को नुकसान पहुंचाने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में अनुसंधान जारी है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, परिवादी पवन कुमार पुत्र अमरचंद कुम्हार निवासी खाजूवाला, हाल आरडी 837, थाना गजनेर ने रिपोर्ट में बताया कि 29 सितंबर 2026 को आरोपी पक्ष के साथ विवाद हुआ था, जिसके संबंध में 30 सितंबर को पंचायत भी हुई थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान आरोपियों ने परिवादी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की।
परिवादी के अनुसार, इसके बाद जब वह अपनी इंटर ब्लॉक फैक्ट्री पहुंचा तो आरोपियों ने कमरों के गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उसके व परिजनों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने फैक्ट्री में तोड़फोड़ करने के साथ परिवादी की पिकअप गाड़ी तथा परिवार के सदस्यों द्वारा लाई गई अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दलिप सिंह (32), जसवीर सिंह (36), वीरेंद्र सिंह (26), खीवन सिंह (33) और शिव सिंह (30), सभी निवासी आरडी 837, थाना गजनेर क्षेत्र, बीकानेर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम की भूमिका
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस तथा जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकानेर ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस और वृत्ताधिकारी वृत्त कोलायत जयपाल सिंह आरपीएस के निकट सुपरविजन में थाना गजनेर के थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 अक्टूबर 2026 को पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मामले में गजनेर थाने में प्रकरण संख्या 132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
