बीकानेर। वेटरनरी स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बी.वी.एससी. एंड ए.एच. (पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए द्वितीय एवं तृतीय चरण की काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। स्टेट कोटा और मैनेजमेंट कोटा की सीटों पर प्रवेश के लिए नवंबर में काउंसलिंग आयोजित होगी।
वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली द्वारा देशभर में वेटरनरी स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश काउंसलिंग की समय-सीमा 30 नवंबर तक बढ़ाए जाने के बाद विश्वविद्यालय ने यह कार्यक्रम निर्धारित किया है।
2 और 4 नवंबर को दूसरे चरण की काउंसलिंग
स्नातक प्रवेश बोर्ड के चेयरमैन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि द्वितीय चरण में स्टेट कोटा की सीटों के लिए काउंसलिंग 2 नवंबर को तथा मैनेजमेंट कोटा की सीटों के लिए 4 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इस चरण के पात्र अभ्यर्थियों के अलॉटमेंट लेटर 24 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे।
इसी प्रकार तृतीय चरण में स्टेट कोटा की सीटों के लिए 17 नवंबर तथा मैनेजमेंट कोटा की सीटों के लिए 18 नवंबर को काउंसलिंग होगी। इस चरण के पात्र अभ्यर्थियों के अलॉटमेंट लेटर 6 नवंबर को जारी किए जाएंगे।
इन महाविद्यालयों में मिलेगा प्रवेश का अवसर
काउंसलिंग के माध्यम से राजुवास बीकानेर और रूवास जोबनेर के संघटक एवं संबद्ध निजी वेटरनरी महाविद्यालयों के साथ टांटिया यूनिवर्सिटी के श्रीगंगानगर वेटरनरी महाविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को नीट यूजी-2026 की मेरिट सूची, उपलब्ध सीटों और राज्य सरकार की आरक्षण नीति के आधार पर प्रवेश मिलेगा। काउंसलिंग के दौरान शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया संपन्न होगी।
वेबसाइट पर मिलेगी विस्तृत जानकारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को काउंसलिंग कार्यक्रम, अलॉटमेंट लेटर और प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.rajuvas.ac.in देखने की सलाह दी है। अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होना महत्वपूर्ण रहेगा।
