बीकानेर, 29 नवंबर। सर्द हवाएं और कड़ाके की ठंड भी जब शहर को स्वच्छ बनाने का जज्बा रखने वाले नागरिकों के हौसले नहीं डिगा सकीं, तो श्रमदान की एक और मिसाल देखने को मिली। टीम आवर फॉर नेशन (Hour for Nation) ने रविवार को श्री करणी सिंह स्टेडियम स्थित बैडमिंटन इंडोर हॉल के प्रवेश द्वार पर साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाकर सामूहिक श्रमदान किया।
टीम के सदस्यों ने सुबह की ठंड के बावजूद पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अभियान में भाग लिया। इस दौरान प्रवेश द्वार के आसपास लंबे समय से जमा झाड़ियों, कचरे और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। सामूहिक प्रयासों से करीब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली झाड़ियां एवं कचरा एकत्रित कर डंपिंग यार्ड भिजवाया गया।
श्री करणी सिंह स्टेडियम बीकानेर का प्रमुख खेल परिसर है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण खेल परिसर के प्रवेश द्वार को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से टीम ने यह अभियान चलाया।
टीम आवर फॉर नेशन वर्ष 2016 से प्रत्येक रविवार शहर के सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दे रही है। टीम का मूल मंत्र ‘शिकायत नहीं, सहयोग’ और ‘हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम’ है। इसका उद्देश्य केवल गंदगी हटाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति जिम्मेदारी और अपने शहर को स्वच्छ रखने की सामूहिक भावना विकसित करना भी है।
अभियान के माध्यम से टीम ने संदेश दिया कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए केवल व्यवस्थाओं पर निर्भर रहने के बजाय प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। नियमित श्रमदान और सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ एवं सुंदर बीकानेर का सपना साकार हो सकता है।
