रीको के सफाई इंतजामों से उद्यमी नाराज, अब उद्योग संघ संभालेंगे औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई

Description of image

 

बीकानेर। रीको के अधीन आने वाले औद्योगिक क्षेत्रों में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर उद्यमियों में नाराजगी सामने आई है। इस संबंध में रीको क्षेत्रीय कार्यालय एवं जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में मौजूद औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बनी हुई है। इससे उद्यमियों को परेशानी के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। प्रतिनिधियों ने रीको द्वारा सफाई कार्य नगर निगम को सौंपे जाने के बावजूद अपेक्षित स्तर पर सफाई नहीं होने पर असंतोष जताया।

 

बैठक में रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज बंसल के समक्ष औद्योगिक संगठनों ने प्रस्ताव रखा कि अब संबंधित उद्योग संघ अपने-अपने औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इस पर सहमति बनी कि उद्योग संघों द्वारा करवाए जाने वाले सफाई कार्य पर आने वाले खर्च का भुगतान रीको लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।

 

बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था उद्योगों के सुचारू संचालन और स्वच्छ वातावरण के लिए बेहद जरूरी है। वर्तमान व्यवस्था से उद्यमी संतुष्ट नहीं हैं। उद्योग संघ अपने स्तर पर सफाई व्यवस्था संभालने के लिए तैयार हैं, लेकिन सफाई पर होने वाले खर्च का भुगतान रीको द्वारा नियमानुसार किया जाना चाहिए।

 

बीछवाल उद्योग संघ अध्यक्ष विजय जोशी ने कहा कि सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी तय करना जरूरी है। उद्योग संघ अपने क्षेत्र की जरूरत के अनुसार सफाई कार्य करवाएंगे, जिससे नियमित सफाई के साथ व्यवस्था की निगरानी भी बेहतर हो सकेगी।

 

करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव विजय जैन ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है। उद्योग संघ अपने स्तर पर सफाई करवाने के लिए सहमत हैं। इससे सफाई कार्य की नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

बैठक के बाद औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था में सुधार एवं उद्योग संघों के माध्यम से सफाई कार्य करवाने की व्यवस्था लागू करने के संबंध में जिले के सभी संबंधित औद्योगिक संगठनों की ओर से रीको लिमिटेड, जयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को संयुक्त पत्र भी भेजा गया। पत्र में वर्तमान सफाई व्यवस्था को लेकर उद्योग जगत की असंतुष्टि से अवगत करवाते हुए उद्योग संघों को सफाई की जिम्मेदारी सौंपने तथा इस पर होने वाले खर्च का नियमानुसार भुगतान करने का आग्रह किया गया।

 

इस अवसर पर उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा, उपाध्यक्ष अशोक सुराणा, बीछवाल उद्योग संघ के सचिव किशोर पारीक, निर्मल पारख तथा रीको के सहायक प्रबंधक जय सहारण सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

20 दिसंबर को एमजीएसयू में खेल और करियर का संगम, ‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन’ में खिलाड़ियों को मिलेगा स्पोर्ट्स करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन

बीकानेर। खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और खेल के क्षेत्र में करियर की नई राह दिखाने के उद्दे…