
बीकानेर रेल प्रबन्धक कार्यालय पर सोमवार (24.08.26) को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सभी अधिकारियों एवं सदस्यों से अपने कार्यालयीन काम-काज में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जहां कहीं राजभाषा के प्रयोग में कमी दिखाई दे, वहां आवश्यक सुधार करवाया जाए। उन्होंने माननीय संसदीय समिति द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए सुझावों से सभी अधिकारियों को अवगत करवाने तथा समिति द्वारा इंगित कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की सभी पुस्तकालयों का जीर्णोद्धार करवाने तथा हिंदी पुस्तकालय के लिए हिंदी पुस्तकों की खरीद अधिकारियों की राय से करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी हिंदी पखवाड़े का आयोजन उत्साहपूर्वक एवं व्यापक स्तर पर करने तथा हिंदी संबंधी बैठकों का समय पर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने आगामी बैठक में उन्नत तकनीकी के साथ राजभाषा के अभिनव प्रयोगों को प्रदर्शित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा का प्रयोग सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों से आगामी हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया। साथ ही अधिकारियों को समय निकालकर अपने-अपने डिपो में भी हिंदी संबंधी प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव दिया।
बैठक के अंत में राजभाषा अधिकारी प्रदीप शर्मा ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।