बीकानेर। शहर की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने और बच्चों व युवाओं को खेलों से जोड़ने की मुहिम के तहत दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (DSF) ने रविवार को लिलीपॉन्ड के पास आयोजित ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ में ‘खेलो बीकानेर क्लब’ का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य खेलों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ बीकानेर को खेल प्रतिभाओं की पहचान दिलाना और भविष्य के ओलंपिक खिलाड़ियों की नींव तैयार करना है।
निशा लिम्बा ने बताया कि क्लब के माध्यम से बीकानेर के प्रत्येक मोहल्ले और क्षेत्र के बच्चों व युवाओं को खेल, व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार किया जाएगा।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने बताया कि ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ के तहत प्रत्येक रविवार खेल, व्यायाम, फिटनेस और टीम भावना से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन देकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्था ने ‘मिशन 2036—खेल के मैदान से ओलंपिक पोडियम तक’ का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके माध्यम से बीकानेर की खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें भविष्य में ओलंपिक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर रवि भी मौजूद रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पर संडे स्पोर्ट्स लैब की गतिविधियां देखने के बाद इससे जुड़ने की प्रेरणा मिलने की बात कही। वे पिछले चार-पांच रविवार से नियमित रूप से गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। रविवार को उन्होंने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली तथा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।
डीएसएफ टीम ने शहरवासियों, अभिभावकों, स्कूलों और खेल प्रेमियों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। टीम का कहना है कि ‘खेलो बीकानेर, आगे बढ़े बीकानेर!’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर शहर में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और युवाओं को सकारात्मक दिशा देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में हिताशा, रुद्राक्ष, निशा, कुसुम, कोमल, रामनिवास, अभिषेक, निहाल, यश, रिशिता, भव्य, तनिष्क, हीरल सहित डीएसएफ टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
क्लब का ध्येय वाक्य है— “अपना शहर, अपना खेल, अपनी पहचान” और “नशे को ना, खेलों को हाँ!”
