बीकानेर, 30 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में पात्र युवा मतदाताओं एवं प्रथम बार मतदाताओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों की बैठक में अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी सात दिवस में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जैन ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा विद्यालयी शिक्षा से जुड़े 17 से 19 वर्ष एवं इससे अधिक आयु वर्ग के युवाओं की सूची उपलब्ध करवाई गई है। इन सूचियों के आधार पर पात्र युवाओं का चिन्हीकरण कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महाविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र युवाओं तक व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से पहुंच बनाने तथा पंजीकरण से वंचित युवाओं के आवेदन प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया।
श्री जैन ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र युवाओं के पंजीयन की स्थिति का सत्यापन किया जाए। पंजीकरण से शेष पात्र विद्यार्थियों के लिए आवश्यकतानुसार विशेष शिविर आयोजित कर आवेदन प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन के साथ-साथ युवा मतदाताओं के पंजीयन एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाए। निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करते हुए संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
*संस्थानवार एवं विधानसभा क्षेत्रवार होगी प्रगति की समीक्षा*
स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि नव मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीयन के लिए सभी निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में 29 अक्टूबर को स्वीप कैलेंडर जारी किया जा चुका है। शाला दर्पण के माध्यम से विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की सूची भी साझा की गई है।
अभियान के तहत संस्थानवार पात्र युवाओं की कुल संख्या, मतदाता सूची में पंजीकृत युवाओं की संख्या तथा पंजीकरण से शेष युवाओं का विवरण संकलित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को संस्थानवार एवं विधानसभा क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर दैनिक प्रगति की निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
*शिक्षा व्यवस्था से बाहर रह गए पात्र युवाओं का भी होगा पंजीयन*
अभियान के अंतर्गत औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से बाहर रह गए पात्र युवाओं तक भी पहुंच बनाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से ऐसे युवाओं का चिन्हीकरण कर उनका पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
*एसएसआर-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश*
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि बैठक में दो प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें आगामी सात दिवस में पात्र युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीयन तथा 2 से 12 नवंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया से संबंधित तैयारियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार एसएसआर के तहत भरे जाने वाले आठ प्रपत्रों, जिनमें लिंगानुपात से संबंधित प्रपत्र भी शामिल हैं, को मतदाता सूची के प्रकाशन की निर्धारित तिथि 12 नवंबर से पूर्व भरकर जमा करवाना होगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसएसआर-2027) निर्धारित किया गया है। इसके तहत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को तथा अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी, 2027 को प्रस्तावित है। आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर, 2027 के लिए भी अग्रिम पंजीकरण आवेदन प्राप्त किए जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीकानेर पूर्व की निर्वाचन पंजीयन अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, बीकानेर पश्चिम की निर्वाचन पंजीयन अधिकारी श्रीमती रीना छींपा सहित जिले के ईएलसी नोडल एवं समन्वयक अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों ने वेबिनार के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
