बीकानेर, 4 नवंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी में प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध एवं उपप्राचार्य वंदना राठौड़ के मार्गदर्शन में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तीसरे दिन अन्न के सम्मान एवं भोजन की बर्बादी रोकने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही है।
दीपावली अवकाश प्रारंभ होने के बावजूद विद्यार्थी अपने घरों से अभियान से जुड़े और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेश दिए। बच्चों ने चित्र एवं पोस्टर बनाए, निबंध लिखे तथा छोटे वीडियो संदेशों के माध्यम से परिवार और समाज से भोजन व्यर्थ नहीं करने की अपील की। अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों की भागीदारी ने अभियान को विद्यालय से घर-घर तक पहुँचाने का कार्य किया।
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास का अभियान की गतिविधियों के समन्वय, विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा उनमें अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन रहा। विद्यार्थियों को अन्न बचाने के संदेश को दैनिक व्यवहार में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने परिवार के सदस्यों के साथ संकल्प लिया कि ‘हम अन्न का सम्मान करेंगे। अपनी थाली में उतना ही भोजन लेंगे, जितना खा सकें। घर, विद्यालय, समारोह अथवा अन्य किसी स्थान पर भोजन की बर्बादी नहीं करेंगे और दूसरों को भी अन्न बचाने के लिए प्रेरित करेंगे।’
प्रधानमंत्री के सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बच्चों ने ‘थाली में उतना ही लें, जितना खा सकें’, ‘अन्न का सम्मान करें, भोजन व्यर्थ न करे’ तथा ‘भोजन बचाएँ, संसाधन बचाएँ’ जैसे संदेश प्रस्तुत किए। त्योहारों के दौरान आवश्यकता के अनुसार भोजन बनाने, थोड़ी मात्रा में परोसने और जरूरत होने पर दोबारा लेने जैसी आदतों पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया गया कि भोजन तैयार होने में किसान का परिश्रम, पानी, ऊर्जा और अनेक प्राकृतिक संसाधन लगते हैं। इसलिए अन्न की बर्बादी रोकना इन संसाधनों का सम्मान और संरक्षण भी है। बच्चों को परिवार के साथ मिलकर ऐसी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिनसे भोजन व्यर्थ न जाए।
शाला कार्मिक एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें घर से गतिविधियों में भाग लेने तथा जागरूकता संदेश साझा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम प्रभारी मनीता एवं रजनी गुर्जर ने विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग किया। समस्त शाला परिवार ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से दीपावली की खुशियों के साथ अन्न के सम्मान और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
