बीकानेर। पंचायतीराज चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। 5 नवंबर को होने वाले मतदान को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश ने रेंज के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान असामाजिक तत्वों, अवांछनीय गतिविधियों और मतदान में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
चार जिलों में 2,126 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथ चिह्नित
बीकानेर रेंज के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में कुल 666 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 2,126 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान बूथ चिह्नित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात कर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिलेवार सुरक्षा व्यवस्था के आंकड़े इस प्रकार हैं—
– बीकानेर: 112 ग्राम पंचायतें, 402 मतदान बूथ, 43 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथ तथा 60 मोबाइल पुलिस पार्टियां।
– श्रीगंगानगर: 102 ग्राम पंचायतें, 301 मतदान बूथ, 27 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथ तथा 34 मोबाइल पुलिस पार्टियां।
– हनुमानगढ़: 205 ग्राम पंचायतें, 753 मतदान बूथ, 70 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथ तथा 72 मोबाइल पुलिस पार्टियां।
– चूरू: 247 ग्राम पंचायतें, 670 मतदान बूथ, 69 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथ तथा 76 मोबाइल पुलिस पार्टियां।
इस प्रकार पूरे बीकानेर रेंज में 242 मोबाइल पुलिस पार्टियां तैनात रहेंगी, जो मतदान के दौरान लगातार निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।
रेंज में पुलिस अधिकारियों और जवानों का व्यापक बंदोबस्त
चुनाव ड्यूटी के लिए बीकानेर रेंज में उपलब्ध पुलिस बल के अनुसार एक जिला पुलिस अधीक्षक, 15 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 35 पुलिस उप अधीक्षक, 129 पुलिस निरीक्षक, 140 उप निरीक्षक, 953 सहायक उप निरीक्षक, 1,382 हेड कांस्टेबल तथा 4,380 कांस्टेबल उपलब्ध हैं।
इसके अतिरिक्त रेंज एवं जिला मुख्यालयों के लिए कुल 9 आरएसी कंपनियां उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें बीकानेर रेंज मुख्यालय के लिए 2, बीकानेर जिले के लिए 1, श्रीगंगानगर के लिए 1, हनुमानगढ़ के लिए 2 तथा चूरू जिले के लिए 3 आरएसी कंपनियां शामिल हैं।
हनुमानगढ़ और चूरू में 3,062 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात
चुनाव सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए हनुमानगढ़ जिले में 1,500 तथा चूरू जिले में 1,562 पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त जाब्ता उपलब्ध करवाया गया है। इस प्रकार दोनों जिलों में कुल 3,062 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
आईजी ने दिए निष्पक्षता और सतर्कता के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि चुनाव के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, कानून व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास अथवा चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाना है।
