बीकानेर, 13 नवंबर। बीकानेर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कोटगेट थाना स्तर पर गठित पुलिस टीम ने मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस के सहयोग से तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहिल उर्फ भोमा पुत्र सफीक मोहम्मद, उम्र 20 वर्ष, निवासी रेलवे वर्कशॉप के पीछे सर्वोदय बस्ती, बीकानेर के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस टीम ने सर्वोदय बस्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट और नकबजनी सहित गंभीर धाराओं में कुल 9 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता को लेकर भी जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ आरपीएस तथा वृत्ताधिकारी नगर अनुज डाल आरपीएस के सुपरविजन में की गई।
कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम में गौरव बोहरा, सुनील कुमार, प्रवीण, मुनिया माली, हेतराम, अमृतलाल, बबलूराम, सोमवीर, संपतलाल, सुंदरलाल एवं संजय सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस की टीम का भी सहयोग रहा।
