दुर्लभ सिक्कों और ऐतिहासिक नोटों का खजाना देख उमड़े बीकानेरी, ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का भव्य आगाज

 

बीकानेर। कहीं सदियों पुराने दुर्लभ सिक्के, कहीं ब्रिटिशकालीन करेंसी नोट तो कहीं देश-विदेश की ऐतिहासिक मुद्राओं का अनूठा संसार। इतिहास और विरासत को करीब से देखने का ऐसा अवसर बीकानेरवासियों को मिला तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ में। बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की ओर से आयोजित इस महोत्सव का शुक्रवार को गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन अग्रवाल भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन प्रदर्शनी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और लगभग 2500 लोगों ने दुर्लभ मुद्राओं के इस अनूठे संसार का अवलोकन किया।

 

महोत्सव की खास बात यह है कि इसमें देश-विदेश के करीब 60 शहरों से आए मुद्रा संग्रहकर्ताओं एवं विशेषज्ञों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर प्राचीन भारतीय सिक्कों, ब्रिटिशकालीन मुद्राओं, पुराने करेंसी नोटों, विदेशी करेंसी और ऐतिहासिक महत्व की दुर्लभ मुद्राओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। संग्रहकर्ता न केवल अपने संग्रह का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि आमजन को इन मुद्राओं के इतिहास, विशेषताओं और संग्रहण से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दे रहे हैं। बीकानेर के स्थानीय संग्रहकर्ता भी अपने निजी संग्रह के साथ इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभा रहे हैं।

 

प्रशासनिक और राजनीतिक अतिथियों ने किया शुभारंभ

 

महोत्सव का उद्घाटन महापौर अनिल कल्ला, जिला कलेक्टर निशांत जैन, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों के संग्रह में गहरी रुचि दिखाई।

 

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि बीकानेर में मुद्राशास्त्र से जुड़ा इतना बड़ा आयोजन होना गौरव की बात है। ऐसे आयोजन इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी धरोहर से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

 

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने आयोजकों को बधाई देते हुए इतने व्यापक स्तर पर आयोजन को सराहनीय प्रयास बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने विभिन्न शहरों से आए स्टॉलधारकों से मुलाकात कर बीकानेर की धरती पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

 

बांग्लादेश के संग्रहकर्ता का संग्रह बना खास आकर्षण

 

महोत्सव में बांग्लादेश से पहुंचे संग्रहकर्ता मोहम्मद कमरूल इस्लाम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने भारत एवं हिंदुत्व से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन किया और उनकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासनिक अतिथियों को बांग्लादेश के कुछ सिक्के एवं करेंसी नोट स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किए।

 

पहले दिन 2500 दर्शकों ने देखी प्रदर्शनी

 

आयोजक किशनलाल सोनी ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लगभग 2500 लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ब्रिटिशकालीन करेंसी नोटों एवं सिक्कों के संग्रह ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

 

बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि पहले दिन चार विद्यालयों के करीब 250 विद्यार्थी भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक सिक्कों और नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा मुद्रा संग्रहण के महत्व को समझा।

 

साइबर ठगी से बचाव का भी दिया संदेश

 

महोत्सव में केवल ऐतिहासिक मुद्राओं का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि आमजन को जागरूक करने की पहल भी की गई। शाम को आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में ऑनलाइन धोखाधड़ी और सिक्कों एवं नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। लोगों को फर्जी ऑनलाइन ऑफर्स और ठगी के तरीकों से सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

 

वरिष्ठ संग्रहकर्ताओं ने बताया बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण आयोजन

 

बीकानेर के वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता जसवंत सिंह पारख ने आयोजन को शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बीकानेर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने आयोजक टीम को सफल शुरुआत की बधाई दी।

 

पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं के संग्रहकर्ता उमेश मोदी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि देश के इतने बड़े मुद्रा महोत्सव की मेजबानी का अवसर बीकानेर को मिला है।

 

आयोजन समिति के सदस्य कन्हैया लाल सोनी ने बाहर से आए अतिथियों एवं संग्रहकर्ताओं के भोजन और आवास की व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला। वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता भारत भूषण गुप्ता ने युवा टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बताया।

 

डूंगर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. इंद्र सिंह राजपुरोहित ने प्रदर्शनी देखने पहुंचे विद्यार्थियों को भारतीय सिक्कों एवं नोटों के ऐतिहासिक महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

 

तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ के पहले ही दिन उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया कि बीकानेर में इतिहास, संस्कृति और विरासत को जानने की जिज्ञासा आज भी बरकरार है। दुर्लभ सिक्कों और नोटों के जरिए अतीत से रूबरू करवाता यह आयोजन शहर के लिए एक अनूठी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक सौगात बनकर सामने आया है।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

संरक्षित रेल संचालन में चूक की कोई गुंजाइश नहीं, हर रेलकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी: ADRM चौधरी

  बीकानेर। रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है और संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना प…