बीकानेर, 13 नवंबर। उम्र महज 19 वर्ष, लेकिन वैराग्य और आत्मकल्याण की भावना इतनी प्रबल कि सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर संयम के कठिन मार्ग को अपनाने का संकल्प ले लिया। रतलाम की मुमुक्षु प्रियल कोठारी के इसी त्याग और तपस्या के संकल्प का साक्षी शुक्रवार को बीकानेर बना। साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य प्रवर रामलालजी म.सा. के सानिध्य में होने जा रही भगवती दीक्षा से पूर्व मुमुक्षु प्रियल की भव्य संयम अनुमोदना यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने शामिल होकर जयकारों और संयम गीतों के साथ उनके वैराग्य भाव की अनुमोदना की।
शनिवार को ज्ञान पंचमी के पावन अवसर पर छबीली घाटी स्थित सेवा सदन में सुबह सवा आठ बजे प्रवचन एवं भगवती दीक्षा का कार्यक्रम आयोजित होगा। दीक्षा से पूर्व शुभवेला में छबीली घाटी स्थित तरुण डागा के परिसर से महाभिनिष्क्रमण यात्रा निकलेगी।
देशभर से पहुंचे 2000 से अधिक श्रावक-श्राविकाएं
साधुमार्गी जैन सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने बताया कि दीक्षा महोत्सव में शामिल होने के लिए मुमुक्षु के परिजनों सहित रतलाम, जलगांव और देश के विभिन्न स्थानों से 2000 से अधिक श्रावक-श्राविकाएं बीकानेर पहुंचे हैं। छबीली घाटी के सेवा सदन में अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष नरेंद्र गांधी, पूर्व अध्यक्ष जयचंद लाल डागा, मंत्री सुरेश बच्छावत, साधुमार्गी सेवा समिति के कार्याध्यक्ष सुरेंद्र दस्साणी, अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद, उपाध्यक्ष राजेंद्र गोलछा, अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा, वरिष्ठ श्रावक सुशील बैद एवं सुशील बच्छावत सहित पदाधिकारियों ने 19 वर्षीय मुमुक्षु प्रियल कोठारी और उनके परिजनों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रियल के पिता शीतल कुमार कोठारी, माता प्रियंका कोठारी, नाना वीरेंद्र संकलेचा और नानी पुष्पा को अभिनंदन पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अभिनंदन के बाद मुमुक्षु ने बीकानेर में चातुर्मास कर रहे मुनि एवं साध्वीवृंद के दर्शन-वंदन किए। उन्होंने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं से संयम मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद मांगा। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी सहित उपस्थित धर्मप्रेमियों ने उनके उत्कृष्ट संयम जीवन की मंगलकामना की।
ओघा बंधाई की रस्म में भावुक हुए परिजन, गूंजे संयम के जयकारे
गंगाशहर मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में ओघा बंधाई की धार्मिक रस्म श्रद्धा और भावुकता के वातावरण में संपन्न हुई। देव-गुरु वंदना और संयम के गीतों के बीच मुमुक्षु प्रियल के परिजनों ने पांच महाव्रत धारण करने के लिए आवश्यक सामग्री, वस्त्र एवं ओघा प्रदान किए।
इस दौरान ‘जयवंता-जयवंता, आज हमारो मन जयवंता’, ‘जय जिनेंद्र, जय गुरु नाना, जय गुरु राम’ और ‘राम गुरु विराट है, दीक्षाओं का ठाठ है’ जैसे भक्ति गीतों एवं जयकारों से भवन गूंज उठा।
तीन बहनों में सबसे बड़ी प्रियल के इस निर्णय पर उनकी दोनों छोटी बहनें, नाना वीरेंद्र संकलेचा और अन्य परिजन भावुक नजर आए। आंखों में आंसू और मन में गर्व का भाव लिए परिजनों ने उनके संयम जीवन की मंगलकामना की।
नाना वीरेंद्र संकलेचा ने बताया कि 12वीं तक शिक्षित प्रियल बचपन से ही धार्मिक एवं जैन संस्कारों से जुड़ी रही हैं। पिछले सवा साल से वे संयम मार्ग की साधना कर रही थीं। ओघा बंधाई की रस्म के दौरान मुमुक्षु ने मंगल पाठ भी सुनाया।
अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी महिला समिति की राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नीतू मुणोत, महिला समिति बीकानेर की अध्यक्ष ललिता बांठिया, बहु मंडल अध्यक्ष मोनिका कोठारी एवं मंत्री जया गोलछा के नेतृत्व में श्राविकाओं की टीम ने संयम के गीत प्रस्तुत किए। अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा ने मुमुक्षु का परिचय दिया।
रांगड़ी चौक से निकली संयम अनुमोदना यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
साधुमार्गी सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अमित गोलछा ने बताया कि संयम अनुमोदना यात्रा रांगड़ी चौक से प्रारंभ हुई। यात्रा डागा चौक, सेठिया पारख चौक, कोचरों का चौक, बेगानियों का चौक, बागड़ी मोहल्ला एवं गुजरों के मोहल्ले से होती हुई छबीली घाटी स्थित सेवा सदन पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
यात्रा में मुमुक्षु प्रियल कोठारी अपने परिजनों के साथ आकर्षक कार में सवार होकर हाथ जोड़कर सभी से आशीर्वाद ले रही थीं। कन्या मंडल, महिला मंडल, बहु मंडल, समता युवक संघ, अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ एवं साधुमार्गी सेवा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं संयम गीत गाते हुए शामिल हुए।
वरिष्ठ श्रावक सुशील बैद एवं सेवा समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने शंख ध्वनि के साथ मुमुक्षु के संयममय जीवन की मंगलकामना की। यात्रा के समापन पर आचार्य प्रवर रामलालजी ने मंगल पाठ सुनाया।
दीक्षा के बाद साधुमार्गी संघ में संत-सतियों की संख्या होगी 552
साधुमार्गी सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने बताया कि भगवती दीक्षा के बाद हुक्म संघ के नवम पटधर आचार्य रामलालजी के सानिध्य में साधुमार्गी जैन संघ में 456 सतियां और 96 संत सहित कुल संत-सतियों की संख्या 552 हो जाएगी।
मुमुक्षु प्रियल कोठारी की दीक्षा को लेकर बीकानेर में जैन समाज के बीच विशेष उत्साह है। त्याग, तपस्या और आत्मकल्याण के संकल्प के साथ संयम पथ पर बढ़ने जा रही प्रियल की अनुमोदना में उमड़ी धर्मप्रेमियों की भीड़ ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
