बीकानेर। बीकानेर मंडल में रेल यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर बड़े स्तर पर ट्रैक नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है। करीब 73 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर रेलपथ का नवीनीकरण किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस परियोजना के तहत महज चार माह में 33 किलोमीटर ट्रैक का काम पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है।
शुक्रवार को बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) गौरव गोविल ने लालगढ़–कोलायत रेलखंड का दौरा कर नवीनीकरण कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति के साथ निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और संरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पश्चिम) देव किशन कुम्हार भी उनके साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान DRM गोविल ने संबंधित अधिकारियों और रेलकर्मियों को निर्देश दिए कि ट्रैक नवीनीकरण का प्रत्येक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और सुरक्षा नियमों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कार्यस्थल की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि काम के दौरान अथवा कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक पर किसी भी प्रकार के औजार, उपकरण या निर्माण सामग्री नहीं छूटनी चाहिए। कार्यस्थल को हर समय सुरक्षित स्थिति में रखा जाए, ताकि रेल संचालन की संरक्षा प्रभावित न हो।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद रेलपथ की मजबूती और भार वहन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही रेलपथ के बेहतर रखरखाव से भविष्य में भी संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी।
DRM गौरव गोविल ने निर्देश दिए कि रेलपथ के नवीनीकरण एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
