बीकानेर। रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है और संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना प्रत्येक रेलकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। यह बात बीकानेर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) राजेन्द्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को अपने निरीक्षण दौरे के दौरान कही।
चौधरी ने शुक्रवार को लाहली, भिवानी सिटी, भिवानी एवं झाड़ली रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसरों, परिचालन व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए।
16.53 करोड़ से भिवानी स्टेशन का पुनर्विकास पूरा, हेरिटेज लुक बना आकर्षण
निरीक्षण के दौरान भिवानी रेलवे स्टेशन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 16.53 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। स्टेशन को आकर्षक हेरिटेज लुक दिया गया है, जिससे इसकी सुंदरता में वृद्धि के साथ यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हुई हैं।
ADRM ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, पैनल रूम, स्टेशन कक्ष, वेटिंग रूम, खिड़कियों एवं फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुविधाओं के उचित रखरखाव और यात्रियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
रेल कर्मचारियों से सीधा संवाद, SPAD रोकथाम पर सख्त हिदायत
भिवानी स्टेशन पर आयोजित संरक्षा संवाद कार्यक्रम में ADRM राजेन्द्र सिंह चौधरी ने लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, पॉइंट्समैन, शंटर एवं अन्य रनिंग स्टाफ से सीधा संवाद किया। उन्होंने संरक्षित रेल संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करते हुए कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और सजगता बरतने की हिदायत दी।
उन्होंने SPAD (Signal Passed at Danger) यानी खतरे का संकेत देने वाले सिग्नल को पार करने की घटनाओं की रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक रेलकर्मी सिग्नल की स्थिति का सही अवलोकन करे और निर्धारित संरक्षा नियमों एवं परिचालन प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन करे।
ऑटोमेटिक सिग्नलिंग क्षेत्र में ट्रेन संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और किसी भी परिस्थिति में संरक्षा से समझौता नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान ADRM ने कर्मचारियों की कार्य संबंधी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी समस्याएं खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित किया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लाहली, भिवानी सिटी और झाड़ली स्टेशन की व्यवस्थाएं भी परखीं
दौरे की शुरुआत लाहली स्टेशन से हुई, जहां उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन परिसर, साफ-सफाई एवं यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद भिवानी सिटी स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। दौरे के अंतिम चरण में झाड़ली स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन परिसर, साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) रणसिंह गोदारा सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
