बीकानेर। खेलों के प्रति जुनून हो तो मौसम की बाधाएं भी हौसलों को नहीं रोक सकतीं। इसका नजारा रविवार सुबह लिलीपोंड के पास दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की साप्ताहिक पहल ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ में देखने को मिला। तड़के करीब 3 बजे हुई बारिश के बावजूद सुबह 6:15 बजे 70 बच्चे खेल मैदान में जुटे और पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
इस बार आयोजन में बच्चों के मनोरंजन के लिए अनूठी हँसी प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें रघु और शम्मा विजेता रहे। दोनों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलाकार दिशा कुमावत एवं पलक गहलोत भी बच्चों के बीच पहुंचीं। वहीं फुटबॉल और बास्केटबॉल की पासिंग गतिविधियों के जरिए बच्चों को टीम भावना, आपसी तालमेल और खेल कौशल का अभ्यास करवाया गया।
नई प्रतिभाओं को मिला नेतृत्व का अवसर
संडे स्पोर्ट्स लैब की खासियत केवल खेल गतिविधियां ही नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी रहा। इसी क्रम में डीएसएफ की नई प्रतिभागी प्रतिष्ठा ने पहली बार रनिंग एवं एक्सरसाइज सत्र का नेतृत्व किया। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अन्य बच्चों को भी प्रेरित किया।
20 दिसंबर को होगा ‘उड़ान–मिशन प्ले टू प्रोफेशन’
इस अवसर पर दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बच्चों एवं अभिभावकों को आगामी 20 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘उड़ान–फिट इंडिया | मिशन प्ले टू प्रोफेशन : खेल से करियर तक’ कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्कूलों एवं खेल अकादमियों से जुड़े बच्चों को खेलों में करियर बनाने की संभावनाओं, अवसरों और भविष्य की राह से रूबरू करवाना है।
कार्यक्रम में फिट इंडिया के ब्रांड एम्बेसडर एवं आईआरएस अधिकारी नरेंद्र यादव सहित ओलंपियन, पैरालंपियन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। बच्चों को इन विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने, सवाल पूछने और खेलों में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
निशा लिम्बा ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से इस आयोजन में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संडे स्पोर्ट्स लैब का उद्देश्य हर बच्चे को किसी न किसी खेल से जोड़ना, उसकी रुचि पहचानना और नियमित अभ्यास के जरिए प्रतिभा को निखारना है।
कार्यक्रम का संचालन डीएसएफ टीम के रवि, कुसुम, हिताशा, निशा, रामनिवास, कोमल एवं भव्या ने संयुक्त रूप से किया। फाउंडेशन की यह पहल बच्चों में फिटनेस, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
‘उड़ान–मिशन प्ले टू प्रोफेशन’ कार्यक्रम
– दिनांक: 20 दिसंबर 2026 (रविवार)
– समय: दोपहर 1 बजे
– स्थान: संत मीराबाई सभागार, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर।
