समय से पहले जन्मे बच्चे भी छू सकते हैं आसमान, बस दो साल तक देखभाल और नियमित निगरानी जरूरी

 

बीकानेर, 15 नवंबर। समय से पहले जन्म लेना किसी बच्चे के भविष्य की पूर्णविराम नहीं, बल्कि उसके जीवन की एक ऐसी चुनौती है, जिसे उचित देखभाल, बेहतर पोषण और निरंतर चिकित्सकीय निगरानी से अवसर में बदला जा सकता है। कम वजन और नाजुक शरीर के साथ दुनिया में आने वाले बच्चे भी आगे चलकर स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी सकते हैं। इसके लिए जन्म के शुरुआती दिनों के साथ-साथ अगले दो वर्षों तक विशेष देखभाल और नियमित फॉलोअप बेहद जरूरी है।

 

इसी महत्वपूर्ण संदेश के साथ रविवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग में विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर 15 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने माताओं एवं परिजनों को समयपूर्व जन्मे बच्चों की देखभाल, पोषण, विकास और संभावित स्वास्थ्य जटिलताओं के प्रति जागरूक किया।

 

हर दस में एक बच्चा होता है प्रीमैच्योर

 

शिशु रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. पवन डारा ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनियाभर में जन्म लेने वाले प्रत्येक दस बच्चों में से लगभग एक बच्चा समय से पहले जन्म लेता है। गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले जन्मे शिशुओं को प्रीटर्म बेबी कहा जाता है। ऐसे बच्चों में सांस लेने में परेशानी, संक्रमण, शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में कठिनाई, दूध पीने में समस्या और पीलिया जैसी स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं की आशंका अधिक रहती है।

 

उन्होंने कहा कि मां का दूध, कंगारू मदर केयर, शिशु को पर्याप्त गर्म रखना और हाथों की स्वच्छता संक्रमण से बचाव के सबसे महत्वपूर्ण उपाय हैं। इन बच्चों का कम से कम दो वर्ष की आयु तक नियमित चिकित्सकीय फॉलोअप करवाना चाहिए। वजन एवं शारीरिक विकास के साथ आंखों की आरओपी जांच, सुनने की क्षमता का परीक्षण और समय पर टीकाकरण भी बेहद जरूरी है।

 

ममता कार्ड में छिपी है बच्चे के विकास की महत्वपूर्ण जानकारी

 

कार्यक्रम संयोजक सहायक आचार्य डॉ. लक्ष्मण सिद्ध ने ममता कार्ड की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह केवल टीकाकरण का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि बच्चे के वजन, विकास के विभिन्न पड़ावों और खतरे के लक्षणों की जानकारी देने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। अभिभावकों को इसकी जानकारी समझनी चाहिए और प्रत्येक चिकित्सकीय परामर्श के दौरान इसे साथ लाना चाहिए।

 

उन्होंने आगाह किया कि यदि नवजात दूध पीना बंद कर दे, अत्यधिक सुस्त रहे, तेज सांस ले, बुखार आए, शरीर ठंडा पड़े, झटके आएं अथवा हथेली और तलवे पीले दिखाई दें तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।

 

छोटे शिशुओं में बड़ी संभावनाएं, फॉलोअप से सुरक्षित होगा भविष्य

 

डॉ. विशाल कटेवा ने इस वर्ष की विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस की थीम ‘Small babies, big potential: Invest in follow-up care to protect their future’ की जानकारी देते हुए कहा कि समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों में भी जीवन की अपार संभावनाएं होती हैं। एनआईसीयू से छुट्टी मिलना उपचार का अंतिम पड़ाव नहीं है। इसके बाद भी नियमित जांच, विकास की निगरानी और चिकित्सकीय परामर्श जारी रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में सामने आने वाली चुनौतियों की समय रहते पहचान की जा सके।

 

माताओं से सीधा संवाद, दूर कीं नवजात देखभाल से जुड़ी भ्रांतियां

 

शिशु वार्ड एवं बी-ब्लॉक स्थित गायनिक नर्सरी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान माताओं और परिजनों से सीधा संवाद किया गया। चिकित्सकों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया। कार्यक्रम में डॉ. संजय सहित रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं परिजनों ने सहभागिता निभाई।

 

21 नवंबर तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां

 

शिशु रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जी.एस. तंवर ने बताया कि राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के तहत 21 नवंबर तक प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के प्रति आमजन को जागरूक करना और नवजात एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करना है।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

शहर के विकास के लिए एक मंच पर आए बीकानेर के प्रबुद्ध नागरिक, ‘बीकानेर विकास मंच’ की रखी नींव

  बीकानेर। शहर के चहुंमुखी विकास, जनसमस्याओं के समाधान और बीकानेर को बेहतर बनाने के स…