बीकानेर, 15 नवंबर। यातायात पुलिस बीकानेर के एक कांस्टेबल ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ पर्स सकुशल लौटाकर सराहनीय उदाहरण पेश किया।
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को भीमसेन सर्किल पर यातायात व्यवस्था संधारण के लिए कांस्टेबल रामसिंह (1644) की ड्यूटी लगी हुई थी। दोपहर करीब 1 बजे एक राहगीर ने उन्हें सर्किल पर एक लावारिस महिला का पर्स मिलने की जानकारी दी। कांस्टेबल रामसिंह ने पर्स खोलकर देखा तो उसमें करीब 7 से 8 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के कीमती आभूषण तथा आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे।
कांस्टेबल रामसिंह ने पर्स में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी मालकिन धनरू निवासी महिला की तलाश की और उनके परिजनों से संपर्क कर पर्स मिलने की सूचना दी। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ भीमसेन सर्किल पहुंची, जहां कांस्टेबल रामसिंह ने पूरी ईमानदारी के साथ महिला का पर्स, नकदी, आभूषण और जरूरी दस्तावेज उन्हें सुपुर्द कर दिए।
महिला ने बताया कि बीकानेर से गांव जाते समय रास्ते में उनका पर्स कहीं गिर गया था। पर्स वापस मिलने पर उन्होंने राहत और खुशी जाहिर करते हुए यातायात पुलिस का आभार जताया।
कांस्टेबल रामसिंह की इस ईमानदार पहल से पुलिस की सकारात्मक छवि सामने आई है और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, अपने वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही पार्क करने तथा दुकानदारों से सड़क पर अतिक्रमण कर सामान नहीं रखने की अपील की है। साथ ही सड़क पर सामान बेचने वालों से भी यातायात बाधित नहीं करने का आग्रह किया है, ताकि शहर में यातायात का सुगम संचालन सुनिश्चित हो सके।
