बीकानेर। प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। इस बात को चरितार्थ किया है मूल रूप से गंगाशहर (बीकानेर) निवासी एवं वर्तमान में सूरत के वेसू में प्रवासरत धर्मेंद्र सेठिया एवं सपना सेठिया के पुत्र देवांश सेठिया ने। महज 18 वर्ष की उम्र में देवांश ने अपनी पहली पुस्तक ‘A Name Written in Silence’ लिखकर साहित्य की दुनिया में अपनी रचनात्मक पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
प्रेम जैसे खूबसूरत, संवेदनशील और गहरे एहसास को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाली यह पुस्तक देवांश की कल्पनाशीलता, भावनात्मक समझ और साहित्य के प्रति उनके लगाव को दर्शाती है। कम उम्र में पुस्तक लेखन का यह प्रयास उनकी मेहनत, लगन और कुछ नया करने के जज्बे का परिचायक है।
देवांश की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है। माता-पिता धर्मेंद्र सेठिया एवं सपना सेठिया ने बेटे की इस रचनात्मक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवांश ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए परिवार का प्रोत्साहन और अपनों का आशीर्वाद मिलता रहे तो वे कम उम्र में भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
देवांश की यह साहित्यिक पहल खासकर स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह संदेश देती है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन विचारों और सपनों की कोई सीमा नहीं होती। अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा में आगे बढ़ाया जाए तो कम उम्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि देवांश सेठिया की पहली पुस्तक ‘A Name Written in Silence’ अमेजन पर उपलब्ध है। पुस्तक को लेकर विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेज के युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। 18 वर्ष की उम्र में लेखन की दुनिया में यह शुरुआत देवांश के उज्ज्वल रचनात्मक भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
