MGSU में कुलगुरु का औचक निरीक्षण, कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में नहीं मिलेगा प्रवेश

 

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में अब कक्षाओं से दूरी बनाने वाले विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभागों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस संबंध में सख्त रुख अपनाते हुए विभागाध्यक्षों एवं प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

 

कुलगुरु प्रो. बिश्नोई ने आज विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विधि, भूगोल, सूक्ष्मजीव विज्ञान, योग, राजस्थानी, ड्राइंग एंड पेंटिंग, एमबीए तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग की कक्षाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति का जायजा लिया और लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को लेकर नाराजगी जताई।

 

निरीक्षण के दौरान कुलगुरु ने निर्देश दिए कि जो विद्यार्थी नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित नहीं हो रहे हैं, उनके परिजनों को इसकी सूचना दी जाए तथा उन्हें नियमित अध्ययन के लिए पाबंद किया जाए। इसके बावजूद अनुपस्थिति जारी रहने पर संबंधित विद्यार्थी का कक्षा से नाम पृथक करने और परीक्षा में सम्मिलित नहीं होने देने की कार्रवाई की जाएगी।

 

कुलगुरु ने विभागों में कार्यरत नियमित एवं अतिथि शिक्षकों से भी कहा कि वे विद्यार्थियों को कक्षाओं तक लाने के लिए सामूहिक प्रयास करें और प्रत्येक प्रवेशित विद्यार्थी की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।

 

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की स्वयं की होगी। उन्होंने बताया कि कुलगुरु द्वारा आगामी दिनों में भी विश्वविद्यालय परिसर की कक्षाओं का लगातार आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान: पूगल और दंतौर में कृषि आदान विक्रेता परिसरों का औचक निरीक्षण

बीकानेर, 19 नवंबर। विशेष रबी कृषि गुण नियंत्रण अभियान के तहत कृषि विभाग की ओर से जिले में …