बीकानेर। कर्नाटक के मैसूर में आयोजित प्रथम नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप में राजस्थान के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। बीकानेर के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
राजस्थान की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेते हुए दिव्यांग खिलाड़ी प्रताराम आचार्य ने शानदार प्रदर्शन किया तथा सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। वहीं बीकानेर की दिव्यांग महिला खिलाड़ियों ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की। एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था, बीकानेर के तत्वावधान में प्रतियोगिता में शामिल सोना ने स्वर्ण पदक तथा द्रौपदी ने रजत पदक जीतकर गौरव बढ़ाया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बीकानेर सहित पूरे राजस्थान में खुशी का माहौल है। संस्था अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया जैन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि संस्था उपाध्यक्ष लक्ष्मण रामावत सहित पूरी कार्यकारिणी दिव्यांग खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं खेल उपकरण उपलब्ध करवाकर उन्हें खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने और आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर लौट रहे खिलाड़ियों के सम्मान में बीकानेर में भव्य स्वागत किया जाएगा। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने साबित किया कि शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा, हौसले और मेहनत के सामने बाधा नहीं बन सकतीं।
