10 माह से गाइडलाइन का इंतजार, रीको की सुस्ती से उद्योग विस्तार अटका

 

बीकानेर। प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के दावों के बीच रीको के हस्तांतरित औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगपतियों को जरूरी प्रक्रियाओं के लिए सरकारी इंतजार करना पड़ रहा है। राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम में संशोधन के करीब 10 माह बाद भी रीको की ओर से आवश्यक गाइडलाइन एवं विस्तृत नीति जारी नहीं किए जाने से प्रदेश के 37 हस्तांतरित औद्योगिक क्षेत्रों में नामांतरण और बैंक एनओसी जैसे महत्वपूर्ण कार्य अटके हुए हैं। इसका सीधा असर उद्योगों के विस्तार, नई इकाइयों की स्थापना और वित्तीय गतिविधियों पर पड़ रहा है।

 

बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने राज्य सरकार से रीको गाइडलाइन शीघ्र जारी करवाने की मांग करते हुए कहा कि एक ओर सरकार प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और नए उद्योग स्थापित करने के लिए नीतियां बना रही है, वहीं दूसरी ओर मौजूदा उद्योगों को आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रियागत स्पष्टता नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

उन्होंने बताया कि उद्योगों में नई मशीनरी स्थापित करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने अथवा नई औद्योगिक इकाई शुरू करने के लिए बैंक ऋण की आवश्यकता होती है। बैंक वित्तीय सहायता देने से पहले औद्योगिक भूखंड से संबंधित वैध दस्तावेज, नामांतरण एवं आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र मांगते हैं। लेकिन रीको के हस्तांतरित औद्योगिक क्षेत्रों में इन प्रक्रियाओं को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन नहीं होने से उद्यमियों के कार्य अटके हुए हैं।

 

करीब 10 माह पूर्व राज्य सरकार ने राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम में संशोधन कर रीको को भूमि संबंधी शक्तियां प्रदान की थीं। इसके बावजूद रीको मुख्यालय स्तर पर संशोधन के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और विस्तृत पॉलिसी जारी नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप उद्योगपति सरकारी प्रक्रियाओं में उलझे हैं और उनकी विस्तार योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

 

बीकानेर जिला उद्योग संघ उपाध्यक्ष नरेश मित्तल एवं अशोक सुराणा ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश जारी होने के बावजूद गाइडलाइन लागू करने में हो रही देरी उचित नहीं है। नामांतरण और बैंक एनओसी के अभाव में वित्तीय संस्थान ऋण प्रक्रियाएं आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं, जिससे नए निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।

 

संघ पदाधिकारियों ने राज्य सरकार एवं रीको प्रशासन से मांग की है कि हस्तांतरित औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि संबंधी प्रक्रियाओं की स्पष्ट गाइडलाइन शीघ्र जारी की जाए, ताकि उद्यमियों को राहत मिले और प्रदेश में औद्योगिक विकास की गति बाधित न हो।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत, नगर निगम के ऑटो टिपर चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

  बीकानेर, 24 नवंबर। नयाशहर थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक मामले में कार्रवाई करते…