बीकानेर, 25 नवंबर। पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों पर वैज्ञानिक विमर्श के लिए बीकानेर अंतर्राष्ट्रीय मंच बनने जा रहा है। संभाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय में 27 एवं 28 नवंबर को वातावरणीय सततता एवं विकिरण विषाक्तता विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। महाविद्यालय के प्राणिशास्त्र विभाग एवं इंडियन सोसायटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में चार महाद्वीपों के 15 देशों से लगभग 700 वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधार्थी एवं विद्यार्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भाग लेंगे।
आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य तेजी से बदलते पर्यावरण, बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरणीय असंतुलन तथा मानव स्वास्थ्य एवं जैविक तंत्र पर विकिरण के दुष्प्रभावों का वैज्ञानिक विश्लेषण करना है। सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और विकिरण से बचाव के नवीनतम शोध एवं वैज्ञानिक उपायों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ अमेरिका, कनाडा, फिलीपींस, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, मिस्र और तंजानिया सहित 15 देशों के प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है।
छह तकनीकी सत्रों में होंगे शोध और विचारों के आदान-प्रदान
दो दिवसीय सम्मेलन में छह तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें करीब 30 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय आमंत्रित वक्ता अपने शोध निष्कर्ष और वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय वक्ताओं में डॉ. क्रिस्टीना एडम्स (अमेरिका), प्रो. राज नारनवरे (कनाडा), प्रो. अनिसलाग (फिलीपींस), डॉ. प्रेम अधीश लेखी (मलेशिया), प्रो. मोना तमन (मिस्र) तथा सुश्री अनुपम सक्सेना, अटॉर्नी (तंजानिया) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय विशेषज्ञों में उप वन संरक्षक (वन्यजीव) बीकानेर श्री तरुण मेहरा, वनतारा जामनगर के श्री श्रवण सिंह राठौड़, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के प्रो. सी. उपेंद्र राव, एपीजे सत्य विश्वविद्यालय गुरुग्राम की डीन प्रो. अनुपमा दीवान तथा के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय गुरुग्राम के डॉ. चंद्र मोहन सहित अनेक विशेषज्ञ सहभागिता करेंगे।
विकिरण के खतरे और बचाव पर होगा वैज्ञानिक विश्लेषण
सम्मेलन संयोजक डॉ. अर्चना पुरोहित ने बताया कि इंडियन सोसायटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी के उपाध्यक्ष प्रो. अरुण चोगले सहित कई विशेषज्ञ विकिरण के जैविक प्रभावों, उससे उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और बचाव के वैज्ञानिक उपायों पर शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। युवा शोधार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए श्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान स्मारिका एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी होगा।
27 नवंबर को विधायक जेठानंद व्यास करेंगे उद्घाटन
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन 27 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे महाविद्यालय के प्रताप सभागार में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानन्द व्यास होंगे। राजूवास के कुलगुरु डॉ. सुमन्त व्यास एवं नई दिल्ली के प्रो. सी. उपेंद्र राव विशिष्ट अतिथि होंगे। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
28 नवंबर को होगा समापन, राज्य सरकार को भेजेंगे वैज्ञानिक सुझाव
सम्मेलन का समापन समारोह 28 नवंबर को अपराह्न 3:30 बजे आयोजित होगा। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग मुख्य अतिथि होंगे। मलेशिया के प्रो. प्रेम अधीश लेखी एवं मुख्य वन संरक्षक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता टांटिया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. एम.एम. सक्सेना करेंगे।
प्रो. ममता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के विभिन्न तकनीकी सत्रों में हुए विमर्श और प्राप्त वैज्ञानिक निष्कर्षों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इसमें पर्यावरणीय सततता, प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण तथा विकिरण के दुष्प्रभावों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव शामिल होंगे।
यह सम्मेलन बीकानेर के शैक्षणिक और वैज्ञानिक परिवेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होने जा रहा है। वैश्विक स्तर के वैज्ञानिकों एवं शिक्षाविदों की सहभागिता से न केवल पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर विषयों पर ज्ञान का आदान-प्रदान होगा, बल्कि राजकीय डूंगर महाविद्यालय को अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक पहचान दिलाने की दिशा में भी यह आयोजन अहम भूमिका निभाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से सम्मेलन में सहभागिता का आह्वान किया है।
