बीकानेर, 25 नवंबर। संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर के स्कूल ऑफ लॉ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा पंचम युवा संसद के अंतर्गत पर्यावरणीय विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान, विचारों और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दिग्विजय सिंह ने प्रथम, नंदिनी पुरोहित ने द्वितीय तथा ग्लोरी अस्थाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पंचम युवा संसद के अंतर्गत आयोजित पर्यावरणीय भाषण प्रतियोगिता में नंदिनी पुरोहित एवं तान्या शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रथम, तेजाराम राईका एवं तान्या अग्रवाल ने द्वितीय तथा माधव व्यास एवं कनिका ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रभारी डॉ. प्रगति सोबती एवं डॉ. प्रभुदान चारण उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों की समझ, लोकतांत्रिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।
प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर स्कूल ऑफ लॉ की ओर से आयोजित विशेष समारोह में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) मांडवी राजवी एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक बनाने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।
