बीकानेर, 27 नवंबर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में पर्यावरणीय स्थिरता एवं विकिरण विषविज्ञान के विभिन्न आयामों पर केंद्रित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च इन एनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी एंड रेडिएशन टॉक्सिकोलॉजी’ (ICMRESRT-2026) का शुक्रवार को प्रताप सभागार में शुभारंभ हुआ। 27 एवं 28 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद एवं शोधार्थी पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और विकिरण के प्रभावों पर अपने शोध एवं अनुभव साझा कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास रहे। अध्यक्षता महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास तथा आईसीएआर-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पुनिया उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. आर.के. पुरोहित एवं आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद एवं वैज्ञानिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग आज की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी। वैज्ञानिक अनुसंधान को सामाजिक जागरूकता और जनहित से जोड़ने वाले ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय में कंप्यूटर खरीद के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये की स्वीकृति का पत्र प्राचार्य को सौंपा।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान केवल एक विषय के अध्ययन से संभव नहीं है। इसके लिए विभिन्न ज्ञान-विषयों के बीच संवाद और अंतर्विषयी अनुसंधान आवश्यक है। विकास की कीमत प्रकृति को नहीं चुकानी पड़े, इसका ध्यान रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सुमंत व्यास ने पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में वैज्ञानिक अनुसंधान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं डॉ. अनिल कुमार पुनिया ने कहा कि पर्यावरणीय बदलावों और उनके जैविक प्रभावों को समझने के लिए प्रमाण आधारित वैज्ञानिक दृष्टिकोण जरूरी है। उन्होंने संसाधनों के अपव्यय को रोकने तथा आवश्यकता और लालच के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
प्राचार्य प्रो. आर.के. पुरोहित ने बताया कि यह महाविद्यालय की दसवीं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शोध, नवाचार और अकादमिक संवाद को नई दिशा देते हैं। आगामी दो माह में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों की ओर से तीन और अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विषय आधारित पुस्तक ‘इंडियन नॉलेज सिस्टम इन लाइफ साइंसेज’ का विमोचन किया गया। पुस्तक के लेखक प्रो. आर.के. पुरोहित, प्रो. सुमन लता त्रिपाठी, प्रो. संजय कुमार आचार्य, डॉ. अर्चना पुरोहित एवं प्रो. नरेंद्र भोजक हैं। प्रो. भोजक ने पुस्तक की विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा और जीवन विज्ञान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही सम्मेलन के शोध सार संग्रह का भी विमोचन किया गया।
आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा ने सम्मेलन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इसका प्रमुख उद्देश्य पर्यावरणीय स्थिरता और विकिरण विषविज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बहुविषयी अनुसंधान को प्रोत्साहित करना तथा वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं शोधार्थियों को विचारों के आदान-प्रदान का साझा मंच उपलब्ध कराना है। सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार की संबंधित संस्थाओं के साथ साझा की जाएगी।
तीन तकनीकी सत्रों में प्रस्तुत हुए शोधपत्र
सम्मेलन के प्रथम दिन तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र की अध्यक्षता मीरा श्रीवास्तव, ऋषि कुमार रंजन एवं प्रो. अनिला पुरोहित ने की। दूसरे सत्र में प्रो. दिग्विजय सिंह, डॉ. स्मिता जैन एवं दुरइंदर सिंह ने अध्यक्षता की। तीसरे सत्र की अध्यक्षता प्रेम आदेश लेखी, मोहम्मद आतिफ एवं चंद्रमोहन ने की। तीनों सत्रों में कुल 11 शोधार्थियों ने अपने शोधपत्र एवं अनुसंधान अनुभव प्रस्तुत किए।
प्रो. अन्नाराम शर्मा को शिक्षाविद सम्मान
उद्घाटन समारोह का विशेष आकर्षण वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. अन्नाराम शर्मा को शिक्षाविद सम्मान प्रदान करना रहा। उन्हें हिंदी भाषा के संवर्धन तथा शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश में सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से शिक्षा में भाषा, संस्कृति, संवेदना और मानवीय मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया गया।
सायंकालीन सत्र में बीकानेर एवं राजस्थान के प्रतिष्ठित कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। उद्घाटन सत्र के अंत में सम्मेलन के सह-समन्वयक प्रो. आनंद खत्री ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन भी विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा पर्यावरणीय चुनौतियों, विकिरण के जैविक एवं पारिस्थितिक प्रभावों और सतत विकास के वैज्ञानिक उपायों पर चर्चा होगी।
