बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बीकानेर, 27 नवंबर। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने एवं अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से जिले भर में जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं के अधिकारों तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

 

इस अवसर पर महिला महाविद्यालय छात्रावास (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता छात्रावास) में शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रावास अधीक्षक चंदा वाल्मीकि ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी दी। महिला अधिकारिता पर्यवेक्षक रश्मि कल्ला ने विभागीय योजनाओं तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।

 

उन्होंने कहा कि बाल विवाह के कारण बालिकाओं को सामाजिक एवं पारिवारिक स्तर पर अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यह उनके सर्वांगीण विकास में बाधक बनने के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी प्रदान की गई।

 

इसी क्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक कविता हुरकट ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदासर में 200 बालिकाओं को बाल विवाह नहीं करने की शपथ दिलाई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया।

 

डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के जेंडर स्पेशलिस्ट कार्तिक बोहरा ने हब के उद्देश्यों एवं कार्यों के बारे में बताया। सामाजिक परामर्शदाता मोनिका प्रजापत ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इसके उन्मूलन के लिए जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता बताई।

 

अभियान के तहत बीकानेर जिले के सभी ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में आमजन को बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

सिंचित क्षेत्र विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई

  बीकानेर, 27 नवम्बर। सिंचित क्षेत्र विकास आयुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि भ…