बीकानेर। धुनीनाथ गिरि मठ मंदिर के अधिष्ठाता एवं महामंडलेश्वर पूज्य आचार्य विशोकानन्द जी के आकस्मिक निधन से बीकानेर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर है। उनके ब्रह्मलीन होने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आध्यात्मिक योगदान का स्मरण किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि स्वामी विशोकानन्द जी बीकानेर की धर्मध्वजा के सशक्त वाहक थे। उनका ब्रह्मलीन होना धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा स्थापित आदर्श और आध्यात्मिक योगदान सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वामी जी का जीवन सनातन संस्कृति के उत्थान एवं संरक्षण के लिए समर्पित रहा। विश्व हिंदू परिषद से लंबे समय तक जुड़े रहते हुए उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन एवं राम मंदिर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। धर्म, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत ने कहा कि पूज्य आचार्य विशोकानन्द जी ने महामंडलेश्वर के रूप में बीकानेर की धार्मिक एवं सनातन विरासत को नई पहचान प्रदान की। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आध्यात्मिक विचार समाज को लंबे समय तक दिशा देते रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अनिल शुक्ला, नर्सिंग सेवग, अजय खत्री, उम्मेद राजपुरोहित, मोहित राजपुरोहित, विजय सिंह, अरुण जैन, संजय गुप्ता, नरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत संत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
