बीकानेर। महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी को नई मजबूती देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय, बीकानेर में महिला आरक्षण एवं परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी ने संबोधित करते हुए कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन की पहल भारतीय लोकतंत्र को नई दिशा देने के साथ ही देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी का अवसर प्रदान करेगी।
सिद्धि कुमारी ने कहा कि सितंबर 2023 में संसद द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम (128वां संविधान संशोधन) महिलाओं को लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इसी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित संसद के विशेष सत्र में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 एवं परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को विचारार्थ सूचीबद्ध किया गया है।
उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व में विकास केवल एक राजनीतिक विचार नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जब महिलाएं संसद और विधानसभाओं में अधिक संख्या में प्रतिनिधित्व करेंगी, तब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उनका अनुभव और दृष्टिकोण नीति निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।
परिसीमन की प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि देश में वर्ष 1952, 1963, 1973 और 2002 में परिसीमन आयोगों के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण किया गया है। समय के साथ बदलती जनसंख्या और सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रतिनिधित्व की व्यवस्था को मजबूत करना लोकतांत्रिक आवश्यकता है। प्रस्तावित विधेयकों के माध्यम से महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व के अधिक अवसर देने, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा राज्यों के हितों एवं लोकतांत्रिक संतुलन को बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिला सशक्तीकरण और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को केवल सम्मान देने का विषय नहीं, बल्कि उन्हें सत्ता और नीति निर्माण की प्रक्रिया में समान अवसर एवं निर्णायक भूमिका प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से लोकतंत्र अधिक समावेशी, मजबूत और जनहितकारी बनेगा।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण एवं परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों को संवैधानिक मर्यादाओं, पारदर्शिता और सभी राज्यों के हितों का सम्मान करते हुए आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में विधि प्रकोष्ठ सह संयोजक सुमन शेखावत, महामंत्री श्याम सिंह हांडला, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित एवं मीडिया संयोजक मनीष सोनी सहित अन्य उपस्थित रहे।
