
बीकानेर रेंज में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन फ्लश आउट’ के दौरान महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई। इस एक माह के अभियान में चारों जिलों-बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू-में संयुक्त रूप से पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओम प्रकाश ने बताया कि रेंज के अधीनस्थ सभी जिलों को विशेष निर्देश दिए गए थे, जिनके तहत यह कार्रवाई संभव हो सकी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि समाज को नशे और अवैध हथियारों से मुक्त रखा जा सके। कुल 315 प्रकरण दर्ज किए गए और 371 अपराधी गिरफ्तार किए गए।
ये हुई बरामदगी
2340.951 किग्रा डोडा पोस्त, 2.730 किग्रा और 670 मिग्रा हेरोइन, 33.256 किग्रा गांजा, 744.558 किग्रा और 121 मिग्रा अफीम, 135.620 किग्रा अफीम के पौधे, 1.606 किग्रा और 74 मिग्रा एमडी, 105558 नशीली गोलियां जब्त की गई।
अवैध हथियार भी बरामद
इस अभियान के तहत प्रत्येक जिले में कई बड़ी कार्रवाइयाँ की गईं, जिनमें भारी मात्रा में ड्रग्स, अफीम के पौधे और अवैध हथियार बरामद हुए। बीकानेर में एक ही बस से 16 आरोपियों से 73 किग्रा से अधिक डोडा पोस्त, श्रीगंगानगर में भारत-पाक सीमा पर हेरोइन और ड्रोन, हनुमानगढ़ में एक ही गाड़ी से 340 किग्रा डोडा पोस्त और चूरू में 576 किग्रा डोडा पोस्त जैसे केस प्रमुख रहे।