
बीकानेर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विशेष समूह योजना (पूर्व में विशेष पिछड़ा वर्ग), अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय, मिरासी एवं भिश्ती समुदाय तथा मुख्यमंत्री सर्वजन उच्च शिक्षा उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजनाओं के आवेदन की तिथि बढ़ाकर 31 मई कर दी गई है।
सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पवार ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के छात्रवृति के लिए जिले की समस्त शिक्षण संस्थाएं भी 28 मई तक नवीन पंजीयन या पूर्व में पंजीकृत की मान्यता पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर अद्यतन कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि छात्रवृति आवेदन करने की अन्तिम तिथि पूर्व में 30 अप्रेल थी, जिसे बढ़ाकर 31 मई कर दिया गया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी 31 मई तक एस.एस.ओ. पोर्टल पर स्कॉलरशिप एसजेई एवं अथवा मोबाइल एप एसजेईडी एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन छात्रवृति के लिए आवेदन कर सकते हैं।