जोड़ बीड़ आवासीय योजना को लेकर बीडीए में बैठक, विकास कार्यों पर उठे सवाल

Description of image

बीकानेर में जोड़ बीड़ आवासीय योजना के विकास कार्यों को लेकर बुधवार शाम करीब 4 बजे जोड़ बीड़ विकास समिति और बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) के अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जोड़ बीड़ आवासीय योजना के लगभग 90–100 आवंटी उपस्थित रहे।

बैठक से पहले आवंटियों को बीडीए आयुक्त से मिलने के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा, जिससे उपस्थित लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कई बुजुर्ग लोग भी लंबे इंतजार के कारण परेशान हो गए। काफी प्रयास और चर्चा के बाद अंततः बीडीए आयुक्त और सचिव ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

बैठक के दौरान बीडीए अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं, लेकिन समिति के सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि 5438 प्लॉट की इतनी बड़ी कॉलोनी में अभी भी जमीनी स्तर पर काम लगभग नहीं के बराबर है। वर्तमान में वहां केवल एक ट्रैक्टर और एक जेसीबी ही दिखाई दे रहे हैं, जिससे विकास कार्यों की गति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस पर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समिति के सदस्यों को साथ लेकर मौके पर निरीक्षण किया जाएगा।

समिति ने पिछले वर्ष “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगभग 7 लाख रुपये के वर्क ऑर्डर का मुद्दा भी उठाया। समिति के अनुसार रिकॉर्ड में बड़ी संख्या में पौधे लगाने का दावा किया गया, जबकि मौके पर केवल लगभग 150 पौधे ही मौजूद हैं, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

बैठक में बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि 11 केवीए बिजली लाइन जल्द लगाने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा जा चुका है और इसके लिए पुनः रिमाइंडर भी दिया जाएगा।

वहीं पानी की व्यवस्था को लेकर जानकारी दी गई कि बजट में राशि का आवंटन हो चुका है और पीएचईडी को धनराशि स्थानांतरित की जा रही है, जिससे पानी की व्यवस्था जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई गई।

बैठक के दौरान जोड़ बीड़ विकास समिति ने प्रस्ताव रखा कि यदि सुरक्षा और पानी की व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए, तो समिति “एक पेड़ मां के नाम” और “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देगी। इस प्रस्ताव पर बीडीए आयुक्त ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए प्राधिकरण की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में तय किया गया कि जल्द ही बीडीए आयुक्त, सचिव और जोड़ बीड़ विकास समिति के प्रतिनिधि जोड़ बीड़ आवासीय योजना में जाकर संयुक्त रूप से साइट निरीक्षण करेंगे, ताकि विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

बीकानेर में 13 मार्च को रिलीज होगी राजस्थानी फिल्म टाइगर आफ राजस्थान सिनेमा मैजिक में

बीकानेर। राजस्थानी फिल्मों के जाने-माने लेखक,निर्देशक और अभिनेता अरविन्द कुमार बाघेला की थ…