
बीकानेर, 29 जुलाई। नोखा थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में विस्तृत अनुसंधान कर रही है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को पीड़िता ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी दिनेश उर्फ भवानी ने उसके साथ मारपीट कर बेहोश किया और उसे कार में बैठाकर कोटा ले गया। वहां दवा का स्प्रे कर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म किया। रिपोर्ट के आधार पर नोखा थाने में मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कुशलाराम को सौंपी गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी नोखा जरनैल सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में उपनिरीक्षक कुशलाराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी। साक्ष्यों को जोड़ते हुए आरोपी का पता लगाया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश उर्फ भवानी (25 वर्ष) पुत्र नारायणराम, निवासी नायकों का मोहल्ला, पानी की टंकी के पास, श्रीबालाजी, जिला नागौर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुशलाराम एवं कांस्टेबल शिवचरण की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण का विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।