
बीकानेर, 31 जुलाई। स्वदेशी जागरण मंच, जोधपुर प्रांत का दो दिवसीय प्रांत विचार वर्ग 1 एवं 2 अगस्त को बीकानेर के गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल पंचायती भवन में आयोजित किया जाएगा। इस विचार वर्ग में जोधपुर प्रांत के सभी 13 राजकीय जिलों के दायित्ववान कार्यकर्ता भाग लेंगे। आयोजन में 150 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ 10 से अधिक विषय विशेषज्ञ संगठन, स्वदेशी विचार एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
इस अवसर पर आगामी 1 से 20 अगस्त 2026 तक देशभर में संचालित होने वाले राष्ट्रव्यापी “मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं, मातृशक्ति, उद्यमियों, व्यापारियों तथा समाज के सभी वर्गों को स्वदेशी विचारधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक अजय पत्की ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यह अभियान पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संचालित होगा। इसके तहत डिजिटल पंजीकरण, सोशल मीडिया, क्यूआर कोड तथा ऑनलाइन जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ा जाएगा। अभियान से जुड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वदेशी संकल्प के साथ डिजिटल माध्यम से “स्वदेशी समर्थक” प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। जब देश का प्रत्येक नागरिक स्थानीय उद्योगों, भारतीय उत्पादों और स्वदेशी उद्यमों को प्राथमिकता देगा, तभी भारत आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनेगा। यह अभियान लघु एवं कुटीर उद्योगों, किसानों, कारीगरों तथा भारतीय नवाचारों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय कृषि प्रकोष्ठ प्रमुख भगीरथ चौधरी ने बताया कि अभियान को देशभर में जन-जागरण के रूप में चलाया जाएगा। राजस्थान में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के कार्यकर्ता सभी जिलों में युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक संगठनों, महिला समूहों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर उन्हें डिजिटल माध्यम से अभियान से जोड़ेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिकाधिक संख्या में अभियान से जुड़कर स्वदेशी को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत विचार विभाग प्रमुख अशोक जोशी ने बताया कि दो दिवसीय विचार वर्ग में संगठन की आगामी कार्ययोजना, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, स्वदेशी विचार के विस्तार तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों में प्रांत संयोजक प्रमोद पालीवाल, प्रांत सह-संयोजक महेश श्रीमाली, प्रांत कोष प्रमुख परमेश अग्रवाल, प्रांत युवा आयाम प्रमुख रमेश सोनी, प्रांत पूर्णकालिक विकास खिलेरी, विभाग संयोजक श्रवण राईका तथा जिला संयोजक आदित्य बिश्नोई सहित प्रांत एवं विभाग की पूरी टोली सक्रिय रूप से जुटी हुई है।