बीकानेर में कम्यूनिटी कैंसर केयर सेंटर का शुभारंभ, मरीजों को मिलेगी निःशुल्क परामर्श व पुनर्वास सेवाएं

Description of image

बीकानेर, 2 अगस्त। कैंसर रोगियों की समग्र देखभाल एवं जागरूकता को समर्पित संस्था संजीवनी–लाइफ बियॉन्ड कैंसर द्वारा रविवार को आदर्श कॉलोनी स्थित कम्यूनिटी कैंसर केयर सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर का उद्घाटन सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.पी. अग्रवाल तथा जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसिया ने किया। कार्यक्रम में कमल कल्ला, संजय आचार्य एवं डॉ. पूजा मोहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर डॉ. आर.पी. अग्रवाल ने कहा कि कम्यूनिटी कैंसर केयर सेंटर की स्थापना एक सराहनीय एवं समाजोपयोगी पहल है। यह संस्था कैंसर रोगियों को शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक एवं आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय बन चुकी है, लेकिन भारत में आज भी यह सेवा और मानवीय संवेदनाओं का माध्यम है, जिसका उदाहरण संजीवनी जैसी संस्थाएं हैं।

 

डी.पी. पच्चीसिया ने कहा कि कैंसर रोगियों के जीवन स्तर में सुधार और कैंसर मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां मिलने वाली सेवाओं से जरूरतमंद मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा।

 

कमल कल्ला ने कहा कि कैंसर केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि ऐसा संकट है जो व्यक्ति और उसके परिवार के जीवन के हर पहलू को प्रभावित करता है। ऐसे समय में संजीवनी–लाइफ बियॉन्ड कैंसर जैसी संस्था मरीजों को उपचार के साथ भावनात्मक और सामाजिक सहयोग भी उपलब्ध कराकर उनके जीवन में नई उम्मीद जगा रही है।

 

संजय आचार्य एवं डॉ. पूजा मोहता ने भी सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।

 

सेंटर के समन्वयक अभिषेक जोशी ने बताया कि संस्था आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर रोगियों को निःशुल्क देखभाल, परामर्श, पोषण संबंधी सहायता एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराती है। साथ ही कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, शुरुआती लक्षणों और बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नियमित शिविर आयोजित किए जाते हैं। केंद्र पर समय-समय पर विशेषज्ञों के व्याख्यान तथा मरीजों को पौष्टिक आहार किट का वितरण भी किया जाएगा।

 

कार्यक्रम में बीकाणा वीरा केंद्र के पदाधिकारी, शशांक जोशी, जय आचार्य, मीनाक्षी, आशीष सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

दंतौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध जिप्सम परिवहन पर शिकंजा, 16 टन जिप्सम सहित 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

बीकानेर, 2 अगस्त। पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे एक माह के विशेष अभियान के तहत बी…