
बीकानेर, 5 अगस्त। पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जामसर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 46.330 टन अवैध ग्रिट से भरा एक डंपर जब्त किया है।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा आरपीएस तथा लूणकरणसर वृत्ताधिकारी रणवीर सिंह आरपीएस के सुपरविजन में थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने अवैध खनिज ग्रिट से भरे एक डंपर को रोककर दस्तावेजों की जांच की। वाहन चालक के पास ई-रवन्ना, ई-टीपी अथवा रॉयल्टी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर डंपर को जब्त कर प्रकरण संख्या 120/2026 दर्ज किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक विजय कुमार कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान खनन विभाग और परिवहन विभाग (आरटीओ) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अब तक 10 ट्रक-ट्रेलर और डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस दौरान ₹18,78,172 का जुर्माना भी वसूल किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रवि कुमार, उप निरीक्षक विजय कुमार, हेड कांस्टेबल मानसिंह तथा कांस्टेबल भंवरलाल, अजीत सिंह और हजारीराम शामिल रहे।