
बीकानेर। पुलिस थाना नाल परिसर में सामुदायिक संपर्क समूह (सीएलजी) की बैठक थाना अधिकारी विकास बिश्नोई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की शांति, कानून एवं व्यवस्था तथा आगामी त्योहारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सीएलजी सदस्यों से क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, नशे, सट्टे एवं अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस एवं आमजन के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
आगामी 15 अगस्त एवं अन्य त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बाजारों, सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के संबंध में भी सीएलजी सदस्यों को विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में शैतान सिंह बच्छासर, ओमप्रकाश सोनी, छै़लू सिंह कांवनी, कृपाल दान जेमलसर, मांगीलाल जेमलसर सहित सीएलजी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।