
बीकानेर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व से पूर्व शहर के विभिन्न विद्यालयों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्कार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों ने विद्यालय परिसर में कृष्णमय वातावरण बना दिया और सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान भानुमति रंगा, सपना ओझा, शंकर बोहरा, मनीष हर्ष एवं प्रभाशंकर रंगा ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें चॉकलेट एवं मिठाई वितरित की। बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ जन्माष्टमी पर्व की खुशियां मनाईं।
इसी क्रम में संस्कार किड्स हाउस एवं संस्कार पब्लिक स्कूल, सादुलगंज में भी जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय परिसर में राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं पर्वों के महत्व से परिचित कराना रहा। शिक्षकों ने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों के बारे में जानकारी दी।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालयों में बच्चों की प्रस्तुतियों और उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया।